रायगढ़/धमतरी, 28 जनवरी 2026 (वार्ता) साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 8 जिलों में साइबर थानों का लोकार्पण किया। इस क्रम में रायगढ़ और धमतरी जिले को भी साइबर थाना की सौगात मिली है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।

रायगढ़ में साइबर थाना के उद्घाटन के साथ ही नामनामचा लेखन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिससे थाना पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान ने इसे जिले के लिए एक जरूरी और सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ते साइबर फ्रॉड के मामलों में अब पीड़ितों को त्वरित राहत मिलेगी और शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई संभव होगी।

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि अब तक जिले में केवल साइबर सेल कार्यरत थी, जिसे उन्नयन कर पूर्ण साइबर थाना का दर्जा दिया गया है। फिलहाल थाना प्रभारी सहित 16 अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और मामलों के निराकरण में समय की बचत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित