नयी दिल्ली , मार्च 17 -- सांस नली में मूंगफली का फंसा टुकड़ा निकालकर चिकित्सकों ने एक डेढ़ साल की बच्ची को जान बचायी है। चिकित्सकों के अनुसार मूंगफली का टुकड़ा बच्ची की सांस की नली में फंसने से उसकी तबियत बिगड़नी शुरू हो गयी और स्थिति बेहद गंभीर हो गई।

जानकारी के अनुसार एक डेढ़ साल की बच्ची की सांस नली में मूंगफली का टुकड़ा फंसने पर परिजन उसे द्वारका स्थित आकाश हेल्थकेयर सुपर स्पेशयिलिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। जहां अस्पताल के बाल रोग गहन चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ.समीर पुनिया के अनुसार बच्ची को बहुत कम ऑक्सीजन स्तर के साथ अस्पताल लाया गया था। जांच में पता चला कि फेफड़ों से हवा बाहर निकलकर आसपास के ऊतकों में फैल रही थी, जो सांस की नली को गंभीर नुकसान का संकेत था।

जिसके बाद बच्ची को पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। अस्पताल के रेस्पिरेटरी और स्लीप मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. अक्षय बुधराजा ने बताया कि मूंगफली के टुकड़े ने सांस की नली की अंदरूनी परत को फाड़ दिया था। इसके कारण छाती के अंदर हवा का व्यापक स्तर पर रिसाव होने लगा था।

उन्होंने बताया कि बच्ची के फेफड़ों की क्षति को देखते हुए मूंगफली के टुकड़े को निकालने की प्रक्रिया को बेहद सावधानी से किया गया। चिकित्सकों के अनुसार इस प्रक्रिया के बाद बच्ची को कई दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उपचार के बाद अब बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित