महासमुंद, जनवरी 29 -- ) छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक धरोहर नगरी सिरपुर एक बार फिर सांस्कृतिक वैभव की साक्षी बनने जा रही है। एक से तीन फरवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं के साथ-साथ देश की शास्त्रीय, सूफ़ी और आधुनिक संगीत विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ होंगी।
महोत्सव के प्रथम दिवस एक फरवरी को अपराह्न 12 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। कर्मा नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोक कला, शास्त्रीय संगीत, कत्थक, ओडिसी, ध्रुपद, सितार वादन सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दिनभर आयोजित होंगी। सायं 5 बजे से लोक कला मंच रायपुर का रंग-झांझर कार्यक्रम दर्शकों को आकर्षित करेगा। रात्रि 7 से 10 बजे तक प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी एवं उनकी बैंड टीम (दिल्ली) की विशेष प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।
द्वितीय दिवस दो फरवरी को शास्त्रीय गायन, वादन, तबला, सुगम संगीत, सूफ़ी स्पिरिचुअल म्यूजिक, कबीर संगीत संध्या एवं भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुतियाँ होंगी। सायं 5:30 बजे से नवा किस्मत लोक कला मंच की प्रस्तुति होगी। रात्रि 7 से 10 बजे तक इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार, नचिकेत लेले एवं वैशाली रायकवार अपनी गायन प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
तृतीय एवं अंतिम दिवस तीन फरवरी को कत्थक, ओडिसी, पंथी नृत्य, बस्तरिहा नाच, डंडा नृत्य एवं छत्तीसगढ़ी लोक प्रस्तुतियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। शाम 4:30 बजे समापन समारोह के पश्चात लोक साधना की प्रस्तुति होगी। रात्रि सात से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स (मुंबई) की विशेष प्रस्तुति के साथ सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य समापन होगा।
सिरपुर महोत्सव न केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास है, बल्कि लोक कलाकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित