चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- हरियाणा में सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही रंगदारी फिरौती और गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर गहरी चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

सुश्री सैलजा ने रोहतक में पूर्व विधायक बलराज कुंडू से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगकर दो दिन का अल्टीमेटम दिए जाने की घटना को अत्यंत गंभीर बताया। वहीं फरीदाबाद के एक उद्योगपति से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और चेतावनी के तौर पर गोलियां भेजने की घटना को अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का उदाहरण बताया। सिरसा में भी दो कारोबारियों से पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध का नेटवर्क सक्रिय है और व्यापारी उद्योगपति दुकानदार शिक्षण संस्थान संचालक अस्पताल प्रबंधन तथा जनप्रतिनिधि तक सुरक्षित नहीं हैं।

सुश्री सैलजा ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि सरकार को तुरंत सख्त और निर्णायक अभियान चलाकर अपराधियों को गिरफ्तार करना चाहिए और पीड़ितों को सुरक्षा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला दायित्व नागरिकों को भयमुक्त वातावरण देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित