श्रीनगर , मार्च 04 -- जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी और श्रीनगर के पूर्व महापौर जुनैद अजीम मट्टू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस कदम को 'बेहद अनुचित और अन्यायपूर्ण' करार दिया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को श्रीनगर के सांसद मेहदी और श्री मट्टू के खिलाफ सोशल मीडिया पर 'भ्रामक सामग्री' साझा करने के आरोप में मामले दर्ज किए थे। सुश्री महबूबा ने बुधवार को मांग की कि दोनों नेताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को तुरंत वापस लिया जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सिर्फ इसलिए कि केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल की आक्रामक कार्रवाई और वहां के सर्वोच्च नेता की शहादत पर चुप रहने का विकल्प चुना है, इसका मतलब यह नहीं है कि जो लोग आवाज उठा रहे हैं वे अपराधी हैं।"श्री मेहदी और श्री मट्टू दोनों ही ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और 28 फरवरी से ईरान पर अमेरिका तथा इजराइल द्वारा किए जा रहे हमलों की निंदा कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि ये प्राथमिकी 'विश्वसनीय इनपुट' मिलने के बाद दर्ज की गई हैं, जिसमें डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध गतिविधियों को भड़काने के इरादे से झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाने की बात कही गई है। श्रीनगर के साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित