पटना, फरवरी 07 -- धोखाधड़ी पूर्वक मकान किराया पर लेने और धमकी देने के मामले में पटना की एक विशेष अदालत ने आज सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में लेने के बाद इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

पटना पुलिस ने अदालत से जारी वारंट और कुर्की जप्ती आदेश के बाद श्री यादव को सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय के समक्ष पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल से लाकर पेश किया था। गिरफ्तारी के बाद तबीयत खराब होने की स्थिति में श्री यादव को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया था। अदालत ने श्री यादव को न्यायिक हिरासत में लेने के बाद वापस इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजे जाने का आदेश दिया।

यह मामला वर्ष 1995 का है। आरोप के अनुसार शैलेंद्र प्रसाद नामक एक व्यक्ति ने शिकायतकर्ता का मकान किराए पर लिया। बाद में पता चला कि वह मकान श्री यादव ने धोखाधड़ी पूर्वक अपना कार्यालय चलाने के लिए लिया था। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में गर्दनीबाग थाना में प्राथमिकी संख्या 552/ 1995 दर्ज कराई थी। मामले में लगातार अनुपस्थिति के कारण अदालत ने पूर्व में श्री यादव समेत इस मामले के तीन अभियुक्तों के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट और इश्तेहार जारी किया था , जिसके बाद तीन फरवरी 2026 को कुर्की जप्ती का आदेश भी जारी किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित