पटना , फरवरी 13 -- पटना की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को जेल में बंद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को तीन मामलों में जमानत पर मुक्त किए जाने का आदेश दिया ।

सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय की अदालत में अलग-अलग जमानत याचिकायें दाखिल कर श्री यादव के वकील विजय आनंद एवं अजय कुमार ने बहस करते हुए उन्हें जमानत पर मुक्त किए जाने की प्रार्थना की थी।

अदालत की कार्यवाही के दौरान सरकारी वकील ने जमानत अर्जियों का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने श्री यादव को तीनों मामलों में अलग-अलग दस- दस हजार रूपए के निजी मुचलके के साथ उसी राशि के दो जमानदारों का बंध पत्र दाखिल करने की स्थिति में जमानत पर मुक्त किए जाने का आदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित