जौनपुर , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत भकुरा गांव में शनिवार सुबह शौच के लिए गए एक वृद्ध की सांड के हमले में मौत हो गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भकुरा गांव निवासी श्याम नारायण सिंह (80) शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे खेत की ओर गए थे। लौटते समय एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर कई बार जमीन पर पटक दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक सांड वहां से भाग चुका था। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को घर लाया गया, जहां कुछ ही देर बाद उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित