कोटा , फरवरी 26 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को राजस्थान में कोटा के सांगोद विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को 171 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री बिरला ने भांडाहेड़ा 87 करोड़ से प्रस्तावित कैथून से रेलगांव, भांडाहेड़ा-चारचौमा-बालाजी की थाक-अडूसा सड़क निर्माण सहित 111 करोड़ रूपए और बपावरकलां में 21 करोड़ से प्रस्तावित सांगोद-बपावर-कवाई सड़क सहित 60 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में श्री बिरला ने कहा कि एक समय यहां केवल एक सड़क मार्ग था, बाजार में जाम और अव्यवस्था आम बात थी। छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी वर्षों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है और व्यापक स्तर पर विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि कोटा-बून्दी क्षेत्र सड़क संपर्क के मामले में अग्रणी बने। इसी दिशा में पिछले पांच दिनों में ही 713 करोड़ रुपए के सड़क कार्यों का शुभारंभ किया गया है।

श्री बिरला ने कहा कि कोटा-बून्दी क्षेत्र को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की निकटता का भी लाभ मिल रहा है, जिससे किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुँचाने में सुविधा होगी और परिवहन लागत में कमी आएगी। इससे स्थानीय उद्योग और व्यापार को भी नई गति मिलेगी। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य, इन सभी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह, कृष्णा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया।

समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि हमने केवल दो वर्षो में सांगोद क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी कई योजनाओं को नई गति मिल रही है। 171 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात इसका प्रमाण है। आने वाले समय में सांगोद विधानसभा एक नया स्वरूप नजर आएगा। ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा और स्थानीय युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित