साँची , नवम्बर 11 -- साँची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में 23 से 25 नवंबर तक इंडियन सोसायटी फॉर बुद्धिस्ट स्टडीज (आईएसबीएस) का रजत जयंती अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय आयोजन बौद्ध अध्ययन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जिसमें देश-विदेश के 150 से अधिक विद्वान, शोधार्थी और बौद्ध धर्म के ज्ञाता भाग लेंगे।

सम्मेलन में वियतनाम, म्यांमार और श्रीलंका से प्रतिष्ठित बौद्ध विद्वान बौद्ध दर्शन, संस्कृति और इतिहास पर अपने विचार साझा करेंगे। भारत से नव नालंदा महाविहार, दिल्ली विश्वविद्यालय, बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, कोलकाता विश्वविद्यालय, जम्मू विश्वविद्यालय, सागर विश्वविद्यालय सहित कई प्रमुख संस्थानों के प्रोफेसर और शोधार्थी भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश में बौद्ध कला एवं स्थापत्य और प्रसिद्ध विद्वान प्रो. जी.सी. पाण्डे पर दो विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में प्रो. पाण्डे के लेखन और योगदान पर विमर्श होगा।

सम्मेलन के दौरान चार समानांतर सत्र भी होंगे, जिनमें बौद्ध दर्शन, इतिहास, साहित्य और समकालीन बौद्ध विमर्श पर शोध प्रस्तुत किए जाएंगे। यह आयोजन साँची को वैश्विक बौद्ध विमर्श के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित