सहारनपुर , अक्टूबर 24 -- सहारनपुर के वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) विभाग ने कर चोरी के तीन बड़े मामले पकड़े हैं। सहायक आयुक्त धीरेंद्र पाल सिंह ने शुक्रवार को बताया कि रूखसार ट्रेडर्स के संचालक मोहम्मद जावेद ने बोगस फार्मों के जरिए फर्जीवाड़ा कर सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया है।

पुलिस ने बताया कि 30 सितंबर 2020 को रजिस्टर्ड इस फर्म का पता चिलकाना रोड़ पर इनाम नगर में दिखाया गया था। 2022-23 में मोहम्मद जावेद ने बोगस फार्मों से खरीद दिखाई और फर्जी आईटीसी पासओन किया। पकड़े जाने पर 18 जनवरी 2024 को उसका रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर दिया गया और वर्ष 2022-23 में 11 लाख 60 हजार और वर्ष 2023-24 में कर और अर्थदंड एवं ब्याज समेत उस पर 7 करोड़, 39 लाख, 14 हजार 153 रूपए का जुर्माना लगाया गया। मोहम्मद जावेद ने यह रकम जमा नहीं की। उसके खिलाफ थाना कुतुबशेर में मुकदमा दर्ज कराया गया।

सहायक आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि एक अन्य फर्म इंडियन इंडस्ट्रीज के संचालक प्रशांत कुमार के खिलाफ 4 करोड़, 39 लाख रूपए की कर चोरी के मामले में कोतवाली सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रशांत कुमार ने वर्ष 2019-20 में विभाग को 4 करोड़ 29 लाख रूपए का नुकसान पहुंचाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित