सहारनपुर , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में रेलवे फाटक पर निर्माण कार्य के दौरान हाइड्रा मशीन का कुंडा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित रामपुर मनिहारान रेलवे फाटक पर रेलवे की ओर से बड़े वाहनों की बैरिकेडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान हाइड्रा मशीन का तार टूट गया, जिससे कुंडा अलग होकर नीचे गिर पड़ा। यह कुंडा मजदूर फुरकान (21), निवासी लक्ष्मीनगर मोहल्ला पल्लीपार, थाना महावन, जनपद मथुरा के ऊपर गिर गया।
हादसे में फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूर उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर आरपीएफ टपरी इंचार्ज रब्बार अली मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हाइड्रा मशीन को अपने कब्जे में ले लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैरिकेडिंग कार्य के दौरान रास्ता पूरी तरह बंद नहीं किया गया था, जिससे लापरवाही सामने आई है। हादसे के बाद ठेकेदार ने कार्य बंद करा दिया है। गनीमत रही कि कुंडे के सहारे कोई भारी सामान नहीं उठाया जा रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित