सहारनपुर , फरवरी 9 -- सहारनपुर में बिहारीगढ़ क्षेत्र स्थित शिवालिक फार्म हाउस में संपत्ति विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने सोमवार को बताया कि निर्माणाधीन धरातल ग्रीन कॉलोनी में हिस्सेदारी और लेन-देन को लेकर गुरुग्राम निवासी पंकज शर्मा और देहरादून निवासी सुनील वर्मा के बीच विवाद चल रहा था। इसी संबंध में दोनों पक्षों के लोग बात के लिए एकत्र हुए थे, जहां कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई।
फायरिंग में थाना नांगल क्षेत्र के गांव साधारण सिंह निवासी शिवम (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। गाजियाबाद निवासी योगेंद्र और बड़ौत निवासी मनीष भी गोली लगने से घायल हुए हैं। मृतक पक्ष की ओर से प्रदीप राणा पुत्र राजसिंह राणा निवासी गणेशपुर, थाना बिहारीगढ़ की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या एवं अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दबिश शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित