सहारनपुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मिले दो अज्ञात शवों की गुत्थी पुलिस ने सुलझाते हुए उनकी पहचान बागपत निवासी राखी कश्यप (30) और उसके प्रेमी विक्रांत के रूप में की है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में बागपत निवासी सुधारस चौहान और उसके साथी कपिल चौहान को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने शुक्रवार को बताया कि विक्रांत की हत्या 16 अप्रैल को बागपत में गोली मारकर की गई थी, जिसके बाद उसका शव सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र में फेंक दिया गया। शव की पहचान न होने पर पुलिस ने उसका अंतिम संस्कार अज्ञात के रूप में कर दिया था। वहीं 26 अप्रैल को राखी कश्यप की हत्या सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में की गई और उसका शव 27 अप्रैल को रजापुर नौगांव के पास नहर से बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि दोनों बागपत में नगरीय विकास से जुड़े प्रोजेक्ट में सिटी मिशन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और आपसी प्रेम संबंध में थे। दोनों 25 अप्रैल को विवाह करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही दोनों की हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, राखी की हत्या सिर पर हथौड़े से वार और धारदार हथियार से की गई, जबकि शव को प्लास्टिक के बोरे में बांधकर नहर में फेंका गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को एक कार के जरिए शव ले जाने का सुराग मिला, जिससे आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पूरे घटनाक्रम में बागपत पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। बताया गया कि 14 अप्रैल को राखी ने डायल-112 पर विक्रांत को गोली लगने की सूचना दी थी, जिसे गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में 23-24 अप्रैल को पूछताछ के बाद राखी को छोड़ दिया गया, जिसके 24 घंटे के भीतर उसकी हत्या हो गई।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड के पीछे के सभी पहलुओं का खुलासा जल्द किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित