सहारनपुर , मार्च 17 -- सहारनपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने 115 सदस्यों वाली जम्बो जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी को एक दिन पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की स्वीकृति मिल गई थी।
अजीत सिंह राणा ने बताया कि कार्यकारिणी में 90 सदस्य और 15 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। इसमें करीब 60 प्रतिशत नए और ऊर्जावान चेहरों को जगह दी गई है, जबकि लगभग 20 प्रतिशत महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो पहले की तुलना में अधिक है। इसके अलावा दो मुस्लिम सदस्यों अहसान राव और हैदर चौधरी को भी कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि टीम में ज्यादातर युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। अजीत राणा ने दावा किया कि अपनी टीम के सहयोग से आने वाले विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सातों सीटें भाजपा की झोली में डालने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित