सहारनपुर , मार्च 10 -- सहारनपुर जिले में गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 1.63 लाख आवेदन पत्र दाखिल किए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह ने मंगलवार को बताया कि अभियान शुरू होने से पहले जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 26 लाख 42 हजार थी, जो ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद घटकर 22 लाख 10 हजार रह गई। इस प्रकार लगभग 4 लाख 32 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान न होने तथा अन्य कमियों के कारण 5 लाख 16 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मामलों की सुनवाई 27 मार्च तक चलेगी। वर्तमान में सुनवाई के लिए 17 दिन शेष हैं और अभी लगभग 34 हजार नोटिसों पर सुनवाई बाकी है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने पक्ष में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि निर्धारित अवधि में उनके मामलों का निस्तारण किया जा सके। इसके लिए हाईस्कूल प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, जाति प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज साक्ष्य के रूप में जमा कराए जा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित