सहारनपुर , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र में झबरेड़ा के पास एक निर्माणाधीन पुलिया पर मिट्टी से भरा ट्रक पलट जाने से पांच मजदूर दब गए, जिनमें तीन की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभितेष सिंह ने शुक्रवार को बताया कि ट्रक जैसे ही पुलिया पर चढ़ा, वह अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में भरी मिट्टी पुलिया के किनारे सो रहे मजदूरों पर गिर गई, जिससे वे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और मिट्टी हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला।

घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां असगर, इसकार और शौकीन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गुलफाम और कर्मवीर को जीवित बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि ट्रक थाना मिर्जापुर क्षेत्र से खेड़ामुगल की ओर निर्माणाधीन सड़क के कार्य के लिए मिट्टी ले जा रहा था। वाहन के प्रपत्र जांच में सही पाए गए हैं, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित