सहारनपुर , फरवरी 1 -- खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा सहारनपुर के कंपनी बाग स्थित राजकीय उद्यान परिसर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत स्थापित कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर का रविवार को भव्य उद्घाटन हुआ।

प्रदेश के चार कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी से किया, जबकि सहारनपुर में नगर विधायक राजीव गुम्बर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. मांगेराम ने फीता काटकर लोकार्पण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र सूक्ष्म खाद्य उद्यमियों को आधुनिक मशीनरी, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, प्रशिक्षण और विपणन की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पीएमएफएमई के तहत पात्र लाभार्थियों को तीन करोड़ रुपये तक तथा प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के अंतर्गत दस करोड़ रुपये तक अनुदान का प्रावधान है।

इस अवसर पर विभिन्न उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। अतिथियों ने प्रसंस्करण इकाइयों का अवलोकन कर उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने स्टॉलों से उत्पाद खरीदकर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित