सहारनपुर , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के थाना नागल क्षेत्र अंतर्गत गांव गांगनौली में निर्माणाधीन मस्जिद का छज्जा अचानक गिर जाने से एक मजदूर घायल हो गया। अन्य मजदूरों ने मौके से हटकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले कुछ दिनों से एक छोटी मस्जिद का निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर लेंटर का ढांचा खोल रहे थे, तभी मुख्य गेट के ऊपर बना छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जे के नीचे कार्य कर रहे गांव निवासी नौशाद मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाया और घायल नौशाद को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

पुलिस के अनुसार अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित