सहारनपुर , अक्टूबर 8 -- सहारनपुर के कारोबारियों को दीपावली के मौके पर रिकार्ड खरीददारी की उम्मीद है। व्यापारियों का मानना है कि त्यौहारी मौसम में जीएसटी की दरों में की गई कटौती से खपत बढ़ेगी जिसका लाभ सभी वर्ग के कारोबारियों को मिलेगा।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने बुधवार को यूनीवार्ता से कहा कि पिछले सालों की तुलना में इस बार त्यौहारी कारोबार 25 से 30 फीसद ज्यादा होने की उम्मीद है। दीपावली हिंदुओं का सबसे महत्वपूर्ण त्यौहार है जो साल में एक बार आता है। उस अवसर पर खरीददारी के लिए लोगबाग पैसा संचय करके रखते हैं। इस त्यौहार का उत्साह और जोश ही ऐसा है कि बाजार में यदि कीमतें ज्यादा भी हैं तो भी लोग दुकानों पर खरीददारी के लिए पहुंचते हैं।
टंडन ने बताया कि सहारनपुर का बड़ा बाजार पड़ौसी राज्यों की खरीददारी का भी बड़ा केंद्र है। जीएसटी विभाग के संयुक्त आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जीएसटी घटने से सामान काफी सस्ते हो गए हैं जिससे इस साल त्यौहारों पर बिक्री बढ़ने की संभावना अधिक है। इलेक्ट्रोनिक्स के सामानों, टीवी, एसी, कार, स्कूटर, मोबाइल और परिधान के व्यवसाय के लिए जीएसटी की दरों में कटौती से सीधा लाभ हुआ है। इन उत्पादों की मांग भी बढ़ी है। बाजार में सोने-चांदी के भाव रिकार्ड उच्च स्तर पर हैं। दीपावली पर बड़ी संख्या में ग्राहक बर्तन, सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण, गिन्नी अवश्य ही खरीदते हैं।
तनिष्क फर्म के मालिक आशीष गुप्ता ने कहा कि सर्राफा कारोबार में एक तो स्थिरता नहीं है और दूसरे सोने-चांदी के भावों में भी बहुत तेजी है। इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय वजहें हैं। पिछली दीपावली को चांदी का 10 ग्राम का तनिष्क का सिक्का 1200 रूपए का था इस बार वही सिक्का 2100 रूपए का है। आज सोने का भाव 133000 रूपए प्रति दस ग्राम है। पिछली दीपावली को 90 हजार के करीब था। चांदी का भाव डेढ़ लाख रूपए प्रति किलोग्राम से ऊपर है जबकि पिछली दीपावली को यह करीब 88 हजार रूपए प्रति किलो के भाव था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित