बालोद , नवंबर 18 -- छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह जिले में सहकारी समितियों के कर्मचारियों का आक्रोश उस समय बढ़ गया, जब बालोद पुलिस ने सुबह करीब छह बजे सेवा सहकारी समिति संघ के चार पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।

इसकी जानकारी मिलते ही जिलेभर से सहायक प्रबंधक, ऑपरेटर और चौकीदारों ने विरोध दर्ज कराते हुए बालोद शहर के कंट्रोल रूम के बाहर जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है, जिसके खिलाफ वे पहले से ही जेल भरो आंदोलन की तैयारी कर रहे थे। पदाधिकारियों की हिरासत की खबर मिलते ही माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

इससे पहले आंदोलनकारी कर्मचारियों ने गुंडरदेही थाने का घेराव किया था। वहां एक सहायक प्रबंधक को रिहा किए जाने के बाद सभी कर्मचारी सुबह 11.30 बजे बालोद कंट्रोल रूम के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र हुए। यहां लगभग 300 से अधिक कर्मचारी धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा की, लेकिन देर शाम तक कोई समाधान नहीं निकल सका। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और उग्र हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित