जगदलपुर , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ के धरमपुरा मार्ग पर बुधवार उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दीपक विश्वकर्मा नाम का एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। कई घंटे तक चले हाई वोल्टेज घटनाक्रम के बाद पुलिस और बचाव दल के समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

फिलहाल पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जानकारी दोपहर बाद सार्वजनिक की जा सकती है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी को ससुराल पक्ष द्वारा छिपाए जाने से नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने विरोध स्वरूप मोबाइल टॉवर पर चढ़ने का कदम उठाया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल, बोधघाट थाना और कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बचाव दल ने सावधानीपूर्वक रणनीति अपनाते हुए युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझाया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

इस दौरान धरमपुरा मार्ग पर भारी भीड़ के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक की मानसिक स्थिति और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित