देवरिया, अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सशक्त और विकसित राष्ट्र के लिए भाजपा कृतसंकल्पित है।

श्री शाही ने यहां पार्टी कार्यालय पर बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन छह अप्रैल, 1980 को नयी दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया था और जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए थे। उन्होंने कहा कि अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी संतराज यादव ने कहा कि पांच अप्रैल से 12 अप्रैल तक पार्टी के कार्यक्रम चलाए जाने की कार्ययोजना है उसके बाद 14 अप्रैल को बना साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जाएगी । उन्होंने कहा किवहीं, पांच, छह और सात अप्रैल को बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक के कार्यालयों को सजाया जाएगा तथा छह अप्रैल को पार्टी के बूथ स्तर तक के कार्यालयों पर झंडारोहण कराया जाएगा तथा सभी कार्यकर्ता अपने घरों पर भी पार्टी का झंडा लगायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित