चंडीगढ़ , जनवरी 01 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को, सरकार से मुख्यमंत्री भगवंत मान के हेलीकॉप्टर के संबंध में सवाल पूछने पर नाराज़ होकर पुलिस द्वारा कुछ पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ दर्ज किये गये पुलिस मामलों की कड़े शब्दों में निंदा की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक संदेश में सुनील जाखड़ ने कहा, " भगवंत मान जी, आप खुद लोगों से कहा करते थे कि वे नेताओं से सवाल पूछें। अब जब कुछ पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने आपके हेलीकॉप्टर से संबंधित सवाल उठाये तो आपने उनके खिलाफ मामले दर्ज करवा दिये। क्या यही लोकतंत्र है? मुख्यमंत्री जी, लोकतंत्र को पुलिस राज में मत बदलिए।"इस संबंध में जारी प्रेस बयान में सुनील जाखड़ ने कहा कि भगवंत मान सरकार लुधियाना में पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर मामले दर्ज करवा कर लोगों से सरकार से सवाल पूछने का अधिकार छीन रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के खिलाफ है और संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का भी उल्लंघन है। यदि किसी नागरिक ने यह सवाल पूछ लिया कि सरकारी हेलीकॉप्टर का उपयोग किसने किया, तो क्या यह कोई अपराध हो गया?प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आलोचना से सरकार अपनी कमियों में सुधार कर सकती है, लेकिन इस सरकार को तो आलोचना सुनना ही पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह अहंकारी रवैया पंजाब की परंपरा नहीं है और पंजाब के लोगों ने 2027 में ऐसी अहंकारग्रस्त सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित