नयी दिल्ली , दिसंबर 24 -- रेल विकास निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया।
श्री अहमद के पास सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में 33 साल से अधिक का अनुभव है। रेल विकास निगम से जुड़ने से पहले वह सरकारी निर्माण कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) में परियोजना निदेशक थे। पूर्व में वह दिल्ली मेट्रो रेल निगम के कार्यकारी निदेशक रह चुके हैं और मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के साथ भी काम कर चुके हैं। बड़े बहुआयामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में उनका लंबा अनुभव रहा है और पुलों, सुरंगों तथा आवासीय एवं वाणिज्यिक भवनों के निर्माण में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है।
उन्होंने साल 1990 में दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की।
सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी रेल विकास निगम रेल मंत्रालय के अधीनस्थ है और पिछले दो दशक से रेलवे से जुड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को अंजाम देती रही है। इसने अब तक 157 परियोजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा है। मौजूदा समय में यह 10 शहरों में मेट्रो परियोजानाओं का काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित