वाराणसी , फरवरी 24 -- काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार तथा सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. के. के. गुप्ता ने मंगलवार को एमसीएच विंग की ओपीडी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं जांच प्रयोगशालाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप-चिकित्सा अधीक्षक प्रो. नीलेश कुमार, प्रो. अंकुर सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं नर्सिंग अधिकारी उपस्थित रहे। निदेशक ने ओपीडी की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और महिला परिचारिकाओं तथा कर्मचारियों से संवाद कर दैनिक संचालन, मरीजों की सुविधा एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने ओपीडी में आए मरीजों से भी बातचीत कर उपचार एवं जांच सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में ओपीडी परिसर में संचालित प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एचआईवी परीक्षण प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों की समीक्षा की गई। एचआईवी जांच कक्ष में दोपहर दो बजे तक 17 जांच पूरी की जा चुकी थीं, जबकि सोमवार को इसी इकाई में लगभग 27 जांच की गई थीं। ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 200 मरीजों के आने की जानकारी दी गई, जिनके लिए उपचार एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हैं।

चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि एमसीएच विंग में मरीजों की सुविधा के लिए प्रस्तावित दवा वितरण पटल, पर्याप्त स्थान, जांच सुविधाएं तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और परीक्षण सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं।

निदेशक प्रो. संखवार ने स्वास्थ्य एवं नर्सिंग कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय एवं आईएमएस प्रशासन महिला रोग इकाई को और सशक्त एवं सुविधासंपन्न बनाने के लिए निरंतर संसाधन उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा और सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित