भरतपुर , मार्च 23 -- राजस्थान में धौलपुर के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैपऊ के चिकित्साकर्मियों में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब सर्पदंश से पीड़ित एक महिला के साथ जीवित साँप को लेकर लोग अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कौलारी थाना क्षेत्र के बाला का नगला गांव में अपने पति सुंदर सिंह कुशवाह के साथ खेत में गेहूं काटते समय उसकी पत्नि को साँप ने हाथ मे डस लिया। घटना के बाद महिला के परिजनों ने सांप को जिंदा पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया और महिला के साथ उसे भी अस्पताल ले गए।

सैपऊ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल धौलपुर भेज दिया जहां महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार सांप की प्रजाति की पहचान की जा रही है। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि विष कितना घातक है और उसी के अनुसार महिला का उपचार किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित