अलवर, सितंबर 28 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य में बाघों की संख्या बढ़कर 50 हो गयी है।

वन विभाग के सूत्रों ने रविवार को बताया कि पिछले दिनों सरिस्का बाघ अभयारण्य के करणी माता मंदिर के पास अलवर बफर क्षेत्र में एसटी-2302 दो शावकों के साथ कैमरे में कैद हुयी है। एक शावक को इस महीने के मध्य में देखा गया था,अब दूसरा भी शावक देखा गया है। इस समय सरिस्का में बाघों की संख्या 50 पहुंच गयी है।

सूत्रों ने बताया कि दूसरा शावक देखे जाने के बाद वन अधिकारियों ने इसकी निगरानी बढ़ा दी है। जिस क्षेत्र में ये शावक दिखाई दिये हैं उस क्षेत्र में पहाड़ों के बीच स्थित करणी माता का मेला चल रहा है।

सूत्रों ने बताया कि सरिस्का बाघ अभयारण्य में कुल 50 बाघों में 11 नर, 18 मादा और 21 शावक हैं।

सरिस्का के उपवन संरक्षक अभिमन्यु सहारण ने बताया कि अमूमन एक बाघिन दो से तीन शावकों को जन्म देती है, लेकिन पहले कैमरे में एक फोटो आया था, अब दो शावकों के साथ दिखाई दी है। इसके लिए सरिस्का प्रशासन ने 15 कैमरे और लगाए थे जिससे अन्य शावकों को देखा जा सके और उनकी निगरानी हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित