रायगढ़ , दिसंबर 26 -- ) छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी का अब तक का सबसे बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये मूल्य का तीन क्विंटल गांजा जब्त करते हुए उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य तस्करों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में प्रस्तावित कुंभ मेले में सप्लाई किया जाना था। तस्कर इस खेप को नई महिंद्रा पिकअप वाहन के माध्यम से सरिया के रास्ते ले जा रहे थे। गांजा को छिपाने के लिए वाहन के ऊपर खाली प्लास्टिक कैरेट रखे गए थे, जबकि नीचे गांजा छिपाया गया था।

ओडिशा बॉर्डर चेक पोस्ट पर जांच के दौरान पिकअप वाहन चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने तत्काल पीछा कर सरिया सीमा में वाहन को धर दबोचा। इसके बाद गांजा के मालिक और अन्य सहयोगियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में कार का पीछा किया। पुलिस का दबाव बढ़ता देख तस्कर अपनी कार को रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस और साइबर सेल की टीम ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक कार और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित