सरायकेला , नवम्बर 23 -- झारखंड के सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पालोबेड़ा से सटे हाड़ीभांगा गांव में रविवार की सुबह दर्दनाक हादसा में पिता और पुत्री की मौत हो गई।
सड़क निर्माण सामग्री से लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घर पर पलट गया। हादसे में घर के पास बैठे पिता और उनकी मासूम बेटी की दबकर मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों की पहचान हाड़ीभांगा निवासी 30 वर्षीय बीरबल मुर्मू और उनकी ढाई साल की बेटी अनुश्री मुर्मू के रूप में हुई है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज गति से गुजर रहे हाइवा ने बैलेंस खो दिया और घर के किनारे पलट गया। उस वक्त बीरबल मुर्मू और उनकी बेटी वहीं बैठे थे, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बीरबल मुर्मू की पत्नी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज चल रहा है.घटना के बाद हाड़ीभांगा और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। उनका स्पष्ट आरोप था कि कंपनी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रही थी, जिस कारण हादसा हहुआ।
पुलिस की कार्रवाईघटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। थाना प्रभारी के अनुसार, हाइवा चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित