सक्ति , जनवरी 13 -- छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में मंगलवार को एक सराहनीय पहल करते हुए सक्ती जिले के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी-इंग्लिश मीडियम स्कूल, डभरा में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 89 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत डभरा के अध्यक्ष दीपक साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्कूल संचालन समिति अध्यक्ष नेतराम चंद्रा, मंडल अध्यक्ष दिनेश बरेठ, पूर्व मंडल अध्यक्ष घासीराम अग्रवाल, वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद सुनंदा बरेठ, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण चौहान, पीएम श्री स्कूल डभरा के प्राचार्य हेमंत साहू, गणमान्य नागरिक कंवलधर साहू सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए शिक्षा को सहज और सुलभ बनाने का सशक्त माध्यम है। इससे न केवल स्कूल में उपस्थिति बढ़ेगी, बल्कि छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रोत्साहन मिलेगा।

साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरों पर खुशी स्पष्ट झलक रही थी। छात्राओं ने बताया कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। छात्राओं ने इस योजना के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित