भोपाल , मार्च 14 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार से सरसों और तुअर की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की है।

माकपा के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने आज यहां जारी बयान में कहा कि भावांतर योजना प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों से ध्यान हटाने और किसानों की लूट को बढ़ावा देने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन की भावांतर योजना में प्रदेश सरकार पहले ही ऐसा कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5950 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि किसान संगठनों की मांग है कि यह कम से कम 7000 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए। उनका आरोप है कि प्रदेश सरकार किसानों को घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने से भी पीछे हट रही है, जिससे तेल कंपनियों के मुनाफे में वृद्धि हो रही है।

माकपा नेता ने कहा कि कुछ कंपनियां सरसों का तेल ऊंचे दामों पर बेच रही हैं। जब कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं, तो किसानों को उनकी सरसों का वाजिब मूल्य दिलाने में सरकार को पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि तिलहन संघ किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास क्यों नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा कि तुअर दाल के मामले में भी स्थिति चिंताजनक है। सरकार द्वारा इसका घोषित मूल्य 8000 रुपये प्रति क्विंटल है, लेकिन भावांतर की घोषणा से स्पष्ट है कि सरकार किसानों को उनकी फसल का पूरा दाम दिलाने के प्रति गंभीर नहीं है।

जसविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनियां तुअर दाल को अधिक दाम पर बेचकर भारी मुनाफा कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि तुअर के दाम और गिरते हैं तो यह स्पष्ट होगा कि सरकार किसानों के बजाय बड़ी कंपनियों और बिचौलियों के हित में काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में मंदसौर में किसानों की मौत के बाद यह घोषणा की गई थी कि यदि कोई व्यापारी किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर खरीदेगा तो उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा, लेकिन बाद में भावांतर योजना लागू कर दी गई।

माकपा ने मांग की है कि सरकार कंपनियों के मुनाफे के बजाय किसानों के हितों की रक्षा करे और भावांतर योजना समाप्त कर सरसों तथा तुअर की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित