हैदराबाद , जनवरी 23 -- सरफराज खान (227) के शानदार दोहरे शतक की मदद से मुंबई ने हैदराबाद के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को पहली पारी में 560 रन का विशाल स्कोर बना लिया।

सरफराज ने कल के 142 रन से और मुंबई ने चार विकेट पर 332 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। सरफराज 219 गेंदों पर 19 चौकों और नौ छक्कों की मदद से 227 रन बनाकर छठे बल्लेबाज के रूप में टीम के 488 के स्कोर पर आउट हुए। सुवेद पारकर ने 98 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 75 रन बनाये। अथर्व अंकोलेकर ने नाबाद 35 रनों का योगदान दिया।

हैदराबाद की तरफ से रक्षण रेड्डी ने 107 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए। हैदराबाद ने स्टंप्स तक दो विकेट खोकर 138 रन बना लिए हैं और वह अभी पहली पारी में 422 रन से पीछे है।

बड़ौदा पारी और छह रन से जीतावडोदरा (वार्ता) बड़ौदा ने नागालैंड को एलीट ग्रुप ए मैच में पारी और छह रन से हरा दिया। नागालैंड की टीम दूसरी पारी में 141 रन पर लुढ़क गयी। महेश पिठिया और अतीत सेठ ने तीन-तीन विकेट लिए।

सौराष्ट्र ने पंजाब को 194 रन से हरायाराजकोट (वार्ता) सौराष्ट्र ने पंजाब को एलीट ग्रुप बी मैच में 194 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। पंजाब की टीम 320 रन के लक्ष्य के सामने दूसरी पारी में 125 रन पर सिमट गयी। धर्मेंद्रसिंह जडेजा और पार्थ भट्ट ने पांच-पांच विकेट झटके। पहली पारी में शून्य पर लुढ़कने वाले पंजाब के कप्तान शुभमन गिल दूसरी पारी में 14 रन बनाकर आउट हो गए।

छत्तीसगढ़ ने दिल्ली के खिलाफ हासिल की 135 रन की बढ़तबेंगलुरु (वार्ता) आयुष पांडेय (नाबाद 161) और आयुष तिवारी (108) के शानदार शतकों की मदद से छत्तीसगढ़ ने दिल्ली के खिलाफ एलीट ग्रुप डी मैच में दो विकेट पर 351 रन बनाकर 135 रन की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित