हैदराबाद , मार्च 30 -- तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने सोमवार को राज्य सरकार से ग्राम पंचायतों को लंबित निधि तुरंत जारी करने की मांग की और आरोप लगाया कि 15वें वित्त आयोग के तहत आवंटित राशि को दूसरे मद में भेजा जा रहा है।
श्री रामचंदर राव ने नमपल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि तेलंगाना सरपंच संघम के सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार द्वारा गांवों के विकास के लिए जारी की गयी राशि वास्तविक लाभार्थियों तक नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान भी ऐसी ही स्थिति थी, जब पंचायतों के लिए आवंटित निधि को दूसरे मद में भेज दिया जाता था, जिससे सरपंच आर्थिक संकट में फंस गए थे।
उन्होंने कहा, "कई सरपंचों ने विकास कार्यों के लिए कर्ज लिया और बाद में कानूनी मामलों का सामना करना पड़ा। कुछ इतने परेशान हो गए कि उन्होंने आत्महत्या तक कर ली।"वर्तमान कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए रामचंदर राव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सत्ता में आने के बाद सरपंचों को न्याय दिलाने और लंबित बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने कहा, "उस आश्वासन को दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक धनराशि जमीनी स्तर तक नहीं पहुंची है।"उन्होंने आगे कहा कि गांवों की स्थिति और खराब हो गई है और पंचायतें सफाई कर्मचारियों जैसे बुनियादी स्टाफ को वेतन देने में भी असमर्थ हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित