बेमेतरा, 20 जनवरी 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ में बेमेतरा जिले के ग्राम तुमगांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने गांव के सरपंच पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना की शिकायत स्थानीय चौकी में दर्ज कराने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आहत होकर वह अपने पति और ग्रामीणों के साथ आज जिला मुख्यालय पहुंची और पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए लिखित आवेदन में बताया कि ग्राम तुमगांव के सरपंच वीरेंद्र कुमार साहू ने उसके साथ अश्लील हरकत की, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान है। महिला का कहना है कि घटना के बाद उसने तत्काल स्थानीय चौकी में शिकायत की थी, लेकिन वहां से उसे कोई सहयोग नहीं मिला।
पीड़िता ने कहा, "सरपंच ने मेरे साथ गलत हरकत की। मैंने डर के बावजूद चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर मुझे एसपी साहब के पास आना पड़ा। मुझे सिर्फ न्याय चाहिए।"पीड़िता के पति ने अनुसार, "सरपंच की दबंगई से पूरा गांव परेशान है। वह आए दिन बड़े नेताओं से संबंध होने की बात कहकर लोगों को धमकाता है। राजनीतिक संरक्षण के कारण अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मेरी पत्नी के साथ जो हुआ, वह बेहद शर्मनाक है।"मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच की कार्यशैली से वे लंबे समय से नाराज हैं।
ग्रामीणों का कहना है, "हम कई बार उसकी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार मामले को दबा दिया जाता है। अब महिलाएं और गांव वाले एकजुट होकर न्याय की मांग कर रहे हैं।"इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित