सरगुजा , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा में महिला कांग्रेस ने सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए साड़ी खरीदी में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला फूंका।
कांग्रेस ने राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए साड़ी खरीदी को लेकर घोटाले का आरोप लगाते हुए घड़ी चौक किए गए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उसी तरह की साड़ी पुतले को पहनाकर विरोध जताया, जिसे वे घटिया गुणवत्ता का बता रहे हैं।
महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सीमा सोनी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन साड़ियों का वितरण किया गया है, उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है और लंबाई भी निर्धारित मानक से कम है, जिससे उन्हें पहनना मुश्किल हो रहा है।
सुश्री सोनी ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पर अक्षमता का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
कांग्रेस का कहना है कि राज्य में करीब 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को वितरित साड़ियों की खरीदी में अनियमितता हुई है और इस पर लगभग 9.7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। विपक्ष का आरोप है कि कम गुणवत्ता की साड़ियों को ऊंची कीमत पर खरीदा गया, जिससे बड़े स्तर पर वित्तीय गड़बड़ी की आशंका है।
साड़ियों की गुणवत्ता को लेकर भी कई शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि साड़ियों का कपड़ा कमजोर है, धोने पर रंग निकल रहा है और लंबाई तय मानकों से कम है। इन शिकायतों के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने इन आरोपों पर सफाई देते हुए कहा है कि कुछ स्थानों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
विभाग का कहना है कि जहां भी गड़बड़ी पाई जाएगी, वहां साड़ियों को बदलने की कार्रवाई की जाएगी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी कहा है कि सभी साड़ियां खराब नहीं हैं और गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित