अंबिकापुर/सरगुजा , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगल में जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाए गए बिजली की तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के आरोपियों ने बिजली के खंभे से अवैध तरीके से तार लगाकर जंगल में बिछाया था, जिसकी चपेट में आने से मिश्रा यादव की 24 मार्च को मौके पर ही मौत हो गयी थी।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि 24 मार्च की रात हुई दुर्घटना की जानकारी पुलिस को 25 मार्च को मिली थी। रायगढ़ जिला के चापकछार तेंदुपारा कापू निवासी जयप्रकाश यादव ने कमलेश्वरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि उसके जीजा मिश्रालाल यादव उसे और अन्य लोगों को रवई दिखाने के लिए बडेरा जंगल ले गए थे। जंगल में आगे चल रहे मिश्रालाल यादव अचानक गिरकर छटपटाने लगे। पास जाकर देखने पर उनके शरीर में नंगा बिजली का तार लिपटा हुआ था और उसमें से धुआं और चिंगारी निकल रही थी। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बिजली के खंभे से अवैध रूप से हुक लगाकर करंट को पतले नंगे तार में प्रवाहित कर जंगल में बिछाया गया था, ताकि जंगली सुअर का शिकार किया जा सके। इसी तार की चपेट में आने से मिश्रालाल यादव की मौत हो गई। मामले में थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 15/26 के तहत धारा 105 भारतीय न्याय संहिता तथा विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच तेज की और संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जंगली सुअर का शिकार करने के लिए बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर तारंगित तार जंगल में लगा रहे थे। इसके लिए लकड़ी की खूंटियां गाड़कर तार फैलाया गया था और बांस के डंडे की मदद से बिजली के तार से कनेक्शन जोड़ा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में जयपाल तिर्की, विश्वनाथ मांझी, धुरसाय मांझी, श्याम सुंदर कुजूर, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर और जहूर साय सभी निवासी असकरा थाना कमलेश्वरपुर जिला सरगुजा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लाल रंग का बिजली का तार भी जब्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित