अंबिकापुर , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में एक व्यक्ति द्वारा पटवारी और उसके ऑपरेटर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान मोनू कुजूर के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय स्तर पर एक राजनीतिक दल से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना उस समय हुई जब आरोपी कार्यालय पहुंचकर राजस्व निरीक्षक (आरआई) का नंबर मांग रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट की घटना हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पटवारी और उसके ऑपरेटर के साथ जमकर मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आई हैं। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

घटना के बाद पटवारी की शिकायत पर दरिमा थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित