अंबिकापुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सरगुजा पुलिस द्वारा एक दिवसीय साइबर सुरक्षा एवं साइबर हाईजीन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें जिलेभर के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यशाला में पुलिस मुख्यालय रायपुर से आए टेक्निकल ब्रांच के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के आधुनिक उपायों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से यह बताया गया कि किस प्रकार साइबर हमलों से सिस्टम को सुरक्षित रखा जा सकता है और संवेदनशील डाटा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
प्रशिक्षण सत्र में साइबर विशेषज्ञों ने अधिकारियों को मजबूत पासवर्ड के उपयोग, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट, संदिग्ध लिंक से बचाव, तथा डाटा बैकअप जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया। इसके साथ ही सार्वजनिक वाई-फाई के सुरक्षित उपयोग, एंटीवायरस सॉफ्टवेयर की अनिवार्यता, और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित