नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि उनकी सरकार में सरकारी धनराशि विज्ञापनों पर नहीं, बल्कि स्कूल भवनों, स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी प्रयोगशालाओं के निर्माण पर खर्च हो रही है।
श्री सूद ने आज यहां मानसरोवर गार्डन में सर्वोदय विद्यालय के नव-निर्मित भवन, 100 आधुनिक आईसीटी लैब्स और मंडलीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, दिलशाद गार्डन का उदघाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति में "बदलाव" शब्द का अक्सर प्रयोग किया जाता है, लेकिन असली बदलाव अख़बारों के फुल-पेज विज्ञापनों में नहीं, बल्कि क्लासरूम की छतों और बच्चों की प्रयोगशालाओं में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की स्पष्ट सोच और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण आज सरकारी धन विज्ञापनों पर नहीं, बल्कि सीमेंट, स्कूल भवनों, स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब्स पर खर्च हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में नीट, सीयूईटी जैसी हर परीक्षा के लिये कंप्यूटर साक्षरता अनिवार्य है, लेकिन वास्तविकता यह है कि कई बच्चों के घरों में कंप्यूटर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब नई शिक्षा नीति 1984 में "ऑपरेशन ब्लैकबोर्ड" के तहत हर कक्षा में ब्लैकबोर्ड पहुँचाना लक्ष्य था। आज दिल्ली सरकार दिल्ली के प्रत्येक स्कूल की हर क्लासरूम में स्मार्ट बोर्ड पहुँचाने के लक्ष्य की ओर तेज़ी से आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित