चंडीगढ़ , मार्च 11 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बुधवार को बजट चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ राज्य के निवासियों का कल्याण सुनिश्चित कर रही है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चुनाव से पहले किये गये वादे को पूरा करते हुए राज्य की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह देने का निर्णय लिया है। यह एक बड़ी सामाजिक क्रांति है, जो महिलाओं को समान अधिकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए 9,300 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि जहां सरकार ने स्वास्थ्य क्रांति शुरू करके लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की हैं, वहीं शिक्षा क्रांति के साथ पंजाब के सरकारी स्कूलों की स्थिति और दिशा भी बदली है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के सुधार के लिए खेल के मैदान भी तैयार कर रही है।

ई.टी.ओ. ने कहा कि सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में पिछली सरकारों द्वारा स्थापित 21 टोल प्लाजा बंद कर दिए, जिससे राज्य के लोगों के रोजाना 67 लाख रुपये से अधिक की बचत हो रही है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी नीति के कारण हमारी सरकार ने लोक निर्माण विभाग की निविदा प्रक्रिया से 1,464 करोड़ रुपये बचाये हैं। पंजाब सरकार ने लोक निर्माण विभाग को 5,440 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिससे राज्य में 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित