पटना , फरवरी 12 -- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने गुरुवार को सदन में कहा कि सरकार ने राजधानी पटना में फुटपाथ व्यवसायियों के लिए वेंडिंग जोन बनाये हैं और ऐसे असंगठित व्यवसायियों के लिए राज्य भर में ऐसी ही व्यवस्था की जाएगी।
श्री कुमार ने आज विधानसभा में अल्पसूचित प्रश्नकाल में विधायक बीरेंद्र कुमार के प्रश्न पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के जवाब के दौरान हस्तक्षेप करते हुए कहा कि असंगठित व्यावसायियों के लिए पटना में वेंडिंग जोन बनाये गये हैं और राज्य के बाकी हिस्सों में भी ऐसी व्यवस्था की जाएगी।
मंत्री श्री यादव ने बताया कि इस समय राज्य में असंगठित 1784 ग्राम हाट हैं और प्रत्येक हाट के लिए 20 डिसमिल जमीन की व्यवस्था करते हुए 934 हाटों को संगठित रूप देने की योजना है। इस पर पूरक प्रश्न के माध्यम से विधायक श्री कुमार ने कहा कि ग्रामीण हाटों की हालत बहुत खराब है और इसकी वजह से विपणन की समस्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि क्या सरकार बताएगी कि सरकार की योजना में शामिल 934 हाटों का निर्माण कब तक पूरा हो जाएगा। इसके जवाब में मंत्री श्री यादव ने कहा कि सरकार इसे शीघ्रता से पूरा करेगी और भविष्य में शेष हाटों को भी विकसित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित