नयी दिल्ली , जनवरी 22 -- सरकार संसद के बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुला सकती है जिसमें सभी दलों के नेताओं के साथ सत्र के कामकाज और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जायेगी।
संसद सत्र शुरू होने से पहले सरकार की ओर से परंपरानुसार सर्वदलीय बैठक बुलाई जाती है। इस बार सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा और उससे पहले 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन है। ऐसे में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू संभवत 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुला सकते हैं।
सर्वदलीय बैठक सरकार को सभी दलों के नेताओं के साथ चर्चा का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। बैठक में सरकार सत्र के एजेंडा के अनुसार अपनी प्राथमिकताओं को रखती है और विपक्षी दल भी विभिन्न विषयों तथा मुद्दों पर अपने सुझाव देते हैं। सत्र को आम सहमति से चलाने के दृष्टिकोण के लिहाज से यह बैठक महत्वपूर्ण होती है।
बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा जिसमें एक फरवरी को वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण से होगी जिसमें वह दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी। इसके बाद 29 जनवरी को वर्ष 2025-26 की आर्थिक समीक्षा पेश की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित