चंडीगढ़ , फरवरी 01 -- पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मोहित मोहिंद्रा ने रविवार को कहा कि चार साल तक सत्ता में रहने के बावजूद पंजाब सरकार युवाओं को रोजगार देने और उद्योग स्थापित करने में पूरी तरह विफल रही है। अब सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में विदेशी दौरों के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

श्री मोहिंद्रा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रस्तावित विदेशी दौरे को लेकर कहा कि निवेश के नाम पर किये जा रहे ये विदेशी दौरे सिर्फ़ 'तथाकथित निवेश' का दिखावा हैं, जिनका ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस परिणाम नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि निवेश और उद्योग की बात करने के लिए चार साल तक इंतज़ार क्यों किया गया। अगर सरकार वास्तव में वैश्विक निवेश लाने को लेकर गंभीर थी, तो दुनिया के सबसे बड़े निवेश सम्मेलन 'दावोस' में पंजाब का प्रतिनिधित्व क्यों नहीं किया गया।

पंजाब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अब तक किये गये सभी विदेशी दौरों के बाद किए गए निवेश के दावों पर एक श्वेत पत्र जारी करे और बताये कि उन दावों का वास्तविक स्थिति में क्या हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित