चंडीगढ़ , फरवरी 05 -- पंजाब सरकार ने सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आई.टी.आई.) में कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा-वी.आई.) ट्रेड में दाखिला लेने वाले अनाथ एवं नेत्रहीन विद्यार्थियों की प्रशिक्षण फीस माफ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

इस निर्णय की पुष्टि करते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने गुरुवार को कहा कि यह कदम भगवंत मान सरकार की उस दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि आर्थिक तंगी कभी भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की व्यावसायिक प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने बताया कि अनाथ आश्रमों और नेत्रहीन बच्चों के लिए स्थापित स्कूलों से आने वाले विद्यार्थी अब 'कोपा-वी.आई.' ट्रेड के लिए 100 फीसदी फीस माफी के पात्र होंगे। यह लाभ वर्तमान समय में यह कोर्स चला रहे 9 सरकारी संस्थानों में लागू किया जाएगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार पंजाब को कौशल विकास और जीवी डिजिटल साक्षरता में अग्रणी हो बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 'कोपा-वी.आई.' ट्रेड में हमारे विशेष जरूरतों वाले और अनाथ युवाओं के लिए वित्तीय बोझ हटाकर पंजाब सरकार उन्हें तकनीकी दक्षता प्राप्त करने तथा तेजी से बढ़ रहे आई.टी. क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए समान अवसर प्रदान कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित