नयी दिल्ली , मार्च 31 -- कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने मंगलवार को केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों में कई उच्च-स्तरीय नियुक्तियों और फेरबदल को मंजूरी दी।

कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के तहत जारी आदेश आदेश के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी निवेदिता शुक्ला वर्मा को रसायन एवं पेट्रो-रसायन विभाग से हटाकर प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। चंचल कुमार को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय से स्थानांतरित कर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। संजय जाजू को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है।

आदेश के अनुसार नरेंद्र भूषण को ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत भूमि संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। चंद्र शेखर कुमार को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय से हटाकर राष्ट्रीय वर्षा आधारित क्षेत्र प्राधिकरण (कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रीवत्स कृष्णा को पर्यटन मंत्रालय से अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का सचिव बनाया गया है, जबकि तेजवीर सिंह को रसायन एवं पेट्रो-रसायन विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा संजय लोहिया को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है और वह 31 मई के बाद सचिव का कार्यभार संभालेंगे। रोहित कंसल को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। भारत हरबंसलाल खेड़ा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में सचिव स्तर पर अधिकारी ऑन स्पेशल ड्यूटी बनाया गया है। अभिषेक सिंह को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र से स्थानांतरित कर राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित