सिद्धार्थनगर , जनवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा है कि सरकार द्वारा बिना भेदभाव के विकास करना ही रामराज्य की अवधारणा है।

बुधवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित सिद्धार्थनगर महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए श्री योगी ने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का एक विमान हादसे में निधन हो गया है हम उन्हे और उस घटना में शामिल अन्य लोगों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते है और ईश्वर से प्रार्थना करते है कि उनके परिजनों को दुःख सहन करने के लिए ईश्वर शक्ति प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि अमीर, गरीब, जाति, धर्म, तेरे, मेरे, अपने, पराये को भुला कर केन्द्र तथा प्रदेश की सरकार निरन्तर सभी के हितों के लिए कार्यकर रही है जिससे हर नागरिक को समान अवसर मिला है इसी को रामराज्य की अवधारणा कहते है। केन्द्र तथा प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गो के लिए निरन्तर कार्य कर रही है चाहे राशन, आयुष्मान कार्ड, शौचालय, आवास सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिल रहा है। महोत्सव का शब्द ही अपने आप में एक विराटता को लेकर चलता है मनुष्य अपने आप में ईश्वरीय सर्वश्रेष्ठ कृति है सर्वश्रेष्ठ कृति होने के नाते मनुष्य के मन में मानवीय गरिमा उसकी सुरक्षा और सम्प्रभुता का भाव सदैव बना रहता है हम अच्छा कर रहे है ये हमारा कोई एहसान नही है ये आप लोगों द्वारा दिया गया ताकत है जिसे हम लोग जनहित के लिए उस ताकत का उपयोग कर रहे है।

सिद्धार्थनगर जनपद राजकुमार सिद्धार्थ के नाम से बना हुआ है राजकुमार सिद्धार्थ जीवन की सच्चाई जानने के लिए सब कुछ त्याग कर गया तीर्थ स्थान चले गये थे वहां पर ज्ञान प्राप्त करने के बाद सारनाथ में पहला उपदेश दिया और श्रावस्ती जनपद में सबसे अधिक जीवन के चतुर्थ मास बिताये है।

उन्होंने कहा कि आज भगवान बुद्ध के उपदेशों को अपनाने के लिए पूरा विश्व तैयार है उनके द्वारा बताये गये बुद्वं शरण गच्छामि, धम्मं शरण गच्छामि तथा संघ शरणं गच्छामि के उपदेशों को अपनाकर हम जीवन में सकारात्मक कार्य कर सकते है। आठ वर्ष पहले सिद्धार्थनगर जनपद ही नही पूरा पूर्वाचल बीमारियों, माफियाओं के चंगुल में फंसा हुआ था लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से जापानी बीमारी इंसेफेलाइटिस को सरकार ने समाप्त कर दिया है एक समय था जब इंसेफेलाइटिस से दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के बच्चे बीमार होकर मर जाते थे लेकिन आज इंसेफेलाइटिस को समाप्त हो चुका है।

आज इस महोत्सव के मंच से एक हजार 51 करोड़ की परियोजनाओं का सौगात जनपद वासियों को मिल रहा है इसमें सभी जनप्रतिनिधियों का प्रयास शामिल है आज मंच पर एक साथ सभी जनप्रतिनिधि एकत्रित हुए है इससे सिद्धार्थनगर जनपद और अधिक विकसित होगा। मनुष्य काजीवन सकारात्मक सोच के लिए मिला है अगर हम काट, छाट, भेदभाव न करें तो विकास के ग्रोथ इंजन को बढ़ावा मिलेगा। केन्द्र तथ प्रदेश की डबल इंजन की सरकार निरन्तर विकास के लिए अग्रसर है 125 वर्ष पहले भगवान गौतम बुद्ध के जो अवशेष थे वे बाहर नीलाम हो रहे थे लेकिन सांसद जगदम्बिका पाल के पत्राचार के बाद उसको पुनः वापस लाने के लिए सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है। मित्र राष्ट्र नेपाल से जुड़ने वाली सभी मार्गो का चैड़ीकरण कार्य निरन्तर चल रहा है। इस मौके पर संसद सदस्य जगदम्बिका पाल, गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक श्यामधनी राही सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित