विजयवाड़ा , दिसंबर 07 -- आंध्र प्रदेश के शिक्षा और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने अमेरिका के डैलस स्थित कर्टिस कुलवेल सेंटर में हजारों तेलुगु अप्रवासी भारतीयों (एनआरआई) को संबोधित करते हुए विश्वभर में रह रहे तेलुगु प्रवासियों को सरकार की ओर से पूरा समर्थन देने का वादा किया।
मंत्री ने कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और उनका परिवार हमेशा उन लोगों को याद रखेगा, जो कठिन वर्षों में उनके और पार्टी के साथ खड़े रहे। उन्होंने याद किया कि जब पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया था, तब संयुक्त राज्य अमेरिका में रहने वाले तेलुगु लोगों ने बड़े पैमाने पर उनका समर्थन किया।
श्री लोकेश ने कहा, "आप एनआरआई नहीं हैं, आप एमआरआई हैं- मोस्ट रिलायबल इंडियंस।" उन्होंने कहा कि प्रवासी समुदाय ने ही राज्य विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 175 में से 164 सीटों का ऐतिहासिक जनादेश दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के डबल-इंजन शासन के तहत आंध्र प्रदेश तेज प्रगति के लिए तैयार है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को इस मजबूत गठबंधन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
श्री लोकेश ने कहा, "2019-24 की अवधि में हमें यह कहने में संकोच होता था कि हम आंध्र प्रदेश से हैं, लेकिन आज आंध्रप्रदेश सबसे तेज़ी से विकास कर कर रहा है।" उन्होंने बताया कि पिछले 17 महीनों में सरकार ने 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश आकर्षित किए हैं, जिनसे 16 लाख नौकरियों के अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब इन निवेशों को ज़मीन पर उतारने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित