जयपुर , फरवरी 05 -- राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भजनलाल सरकार की कार्यशैली पर प्रहार करते हुए कहा है कि पिछले दो बजटों की 2717 घोषणाओं में से केवल 754 पूरी हो पाई हैं जो 27 प्रतिशत ही हैं।

श्री जूली गुरुवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा सरकार जनता की 'मालिक' बनने की कोशिश न करे, वह केवल 'ट्रस्टी' है। उन्होंने तंज कसा कि भाजपा के विधायक जिस घोषणा पत्र के कसीदे पढ़ते हैं, उन्हें खुद नहीं पता कि उसमें कितने वादे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकाल का आधा समय बीत चुका है और पिछले साल की मात्र 18-20 प्रतिशत घोषणाएं ही जमीन पर उतरी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक भी किसान का बाजरा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर नहीं खरीदा गया । उन्होंने बीकानेर और जोधपुर संभाग में मूंग-मूंगफली खरीद की अव्यवस्था पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्कूलों में बच्चों को ड्रेस के लिए 1200 रुपये के वादे के बदले मात्र 600 रुपये दिए है और सामान्य वर्ग के गरीब बच्चों को योजना से बाहर रखा गया।

उन्होंने कहा कि 26 महीने बाद भी सरकार एक भी ऐसी भर्ती नहीं गिना सकती जो इसी कार्यकाल में शुरू होकर जॉइनिंग तक पहुंची हो। पहले 19 महीने में तो इस सरकार ने एक नई अभ्यर्थना तक नहीं निकाली। उन्होंने वाल्मीकि समाज की सफाई कर्मचारी भर्ती में अनदेखी और मेडल विजेता खिलाड़ियों को 'आउट ऑफ टर्न' नौकरी न देने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित