शाहजहांपुर , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को अपनी सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डालर तक पहुंच जाये।
उन्होने कहा कि 2017 से पहले युवाओं के हाथ में तमंचे थे लेकिन योगी सरकार ने युवाओं के हाथ में टैबलेट्स देकर उन्हें हाईटेक बनाया है। योगी ने असंभव को भी संभव बनाया है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 55 साल के शासनकाल में भ्रष्टाचार और परिवारवाद के अलावा कुछ नहीं किया। कांग्रेस को उत्तर प्रदेश की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है।
नरेंद्र कश्यप ने यहां के अटल ऑडिटोरियम में पहुंचकर सरकार के 9 साल पूरे होने पर लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। इसके अलावा नवजात शिशुओं को अन्नप्रासन कराया और सरकार की योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है। बीमारू प्रदेश से विकसित प्रदेश हुआ है। योगी सरकार में अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन तक पहुंच जाएगी। उत्तर प्रदेश में 15 लाख करोड़ का उद्योग धरातल पर उतर चुका है जबकि 50 लाख करोड़ के उद्योगों के प्रस्ताव सरकार के पास आ चुके हैं।
कश्यप ने कहा कि केंद्र में मोदी है तो मुमकिन है और प्रदेश में योगी है तो यकीन है।आज पूरे उत्तर प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरीके से नकार दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित